बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत युवा संसद कार्यक्रम का हुआ आयोजन

0
1008

कानपुर देहात दिनांक 22 दिसंबर । जिलाधिकारी आलोक सिंह द्वारा प्रदत्त निर्देशों एवं मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन के मार्गदर्शन में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत आज युवा ससंद (Youth Parliament) कार्यक्रम का आयोजन अकबरपुर महाविद्यालय के सभागार कक्ष में  राज्यमंत्री महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, उ0प्र0 शासन प्रतिभा शुक्ला एवं जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी तथा मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन की उपस्थिति में दीप प्रज्जवलन तथा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प माल्यार्पण कर किया गया। जिसमे जनपद के समस्त बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों से चयनित बालिकाओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में नेता सदन एवं नेता प्रतिपक्ष तथा विभिन्न विभागों के मा0 मंत्रीगणों की भूमिका विभिन्न विद्यालयों की बालिकाओं द्वारा निभाई गई। लोकसभा सदन संचालन के दौरान विधि मंत्री द्वारा सदन के समक्ष लोकसभा अध्यक्ष महोदय की अनुमति से नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 बिल प्रस्तुत किया गया एवं सर्वसम्मति से बिल पारित किया गया। नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाने और उन्हें विकास के अवसर प्रदान करने की सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती हैं। यह विधायी उपाय महिलाओं की ताकत और क्षमता को पहचानने और सशक्त बनाने का प्रयास है। राज्यमंत्री महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, उ0प्र0 शासन प्रतिभा शुक्ला द्वारा अपने उद्बोधन में कहा गया कि इसका उद्देश्य नीति और निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में महिलाओं का पर्याप्त प्रतिनिधित्व और भागीदारी सुनिश्चित करना है तथा शासन के कुशल नेतृत्व में हैम सभी इस उद्देश्य को प्राप्त कर रहे हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी द्वारा अपने उद्बोधन में कहा गया कि महिलाओं को पुरूषों के समकक्ष समझा जाये, बेटा- बेटी में किसी प्रकार का भेद-भाव न किया जाये और बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिये प्रेरित किया जाये।
मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन द्वारा अपने उद्बोधन में कहा गया कि आज के इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के प्रतिभा को विकसित करना है। यह कानून महिला सशक्तिकरण और समाज में उनके योगदान का प्रमाण है। आज नारी हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। देश के उच्च पदों पर आज आसीन है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी रेनू यादव द्वारा अपने सम्बोधन में कहा गया बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत जनपद कानपुर देहात में युवा ससंद (Youth Parliament) कार्यक्रम का आयोजन अकबरपुर महाविद्यालय के सभागार कक्ष में किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद के विभिन्न विद्यालयों से चयनित प्रतिभाशाली बालिकाओं की प्रतिभा का प्रदर्शन एवं उनके नेतृत्व क्षमता को विकसित करना है साथ ही महिला कल्याण विभाग से संचालित योजनायें जैसे- मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, उ0प्र0 मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना एवं हेल्पलाइन नम्बर जैसे-181,1090, 112,1098,1076 आदि के विषय में जानकारी दी गयी।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष व मुख्य विकास अधिकारी महोदया द्वारा युवा ससंद (Youth Parliament) कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले समस्त बच्चों को प्रमाण पत्र तथा तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धि पाण्डेय, जिला पंचायतीराज अधिकारी, जिला पिछड़ावर्ग अधिकारी, सह जिला विद्यालय निरीक्षक व विद्यालयों के अध्यापक, जिला प्रोबेशन कार्यालय से धर्मेंद्र, संदीप सहित समस्त कार्मिक, बालिकाओं के माता-पिता आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here